- माइंड स्पार्क एबेकस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया हुनर, हाफिज मेमन की बेटी की सफलता पर परिवार में खुशी
मनेन्द्रगढ़। कम समय में सटीक गणना और सवालों के सही जवाब देने की क्षमता ने मनेन्द्रगढ़ की बेटी अलीशा मेमन को जिले में खास पहचान दिलाई है। माइंड स्पार्क एबेकस इंस्टीट्यूट की जिला स्तरीय गणित प्रतियोगिता में अलीशा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
होटल श्री श्याम हैरिटेज में आयोजित ‘ग्रैंड डिस्ट्रिक्ट कॉम्पटीशन 2026’ में जिले के प्रतिभाशाली बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अलीशा ने अपनी गणना क्षमता, एकाग्रता और तेजी का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच मिनट में 100 सवाल हल किये जिनमें से 68 के उत्तर सही रहे। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
अलीशा की इस कामयाबी ने परिवार के लिये गर्व का अवसर पैदा किया है। वह युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष हाफिज मेमन की सुपुत्री हैं। उनकी सफलता के पीछे परिवार का सकारात्मक माहौल, माता पिता का प्रोत्साहन और दादा दादी का आशीर्वाद रहा है साथ ही माइंड स्पार्क एबेकस इंस्टीट्यूट के शिक्षकों ने निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के माध्यम से उनकी गणितीय क्षमता को बेहतर बनाने में योगदान दिया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, एसडीएम शशिशेखर मिश्रा, नगर निगम आयुक्त बिजेंद्र सारथी, नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा और पूर्व पार्षद सरजू यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
अलीशा की उपलब्धि पर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं होती बल्कि इसमें परिवार के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण का भी बड़ा योगदान होता है। उन्होंने अलीशा को मार्गदर्शन देने वाले सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताया। जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करना अलीशा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि नियमित अभ्यास, एकाग्रता और सही मार्गदर्शन से कम उम्र में भी अपनी प्रतिभा को मंच पर साबित किया जा सकता है।







































































