- विद्यार्थियों ने तंबाकू से दूरी बनाए रखने और समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
अनूपपुर 03 नवंबर 2026/ युवाओं को तंबाकू एवं निकोटिन उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय महाराजा मार्तण्ड महाविद्यालय, कोतमा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके सेवन से कैंसर, हृदय रोग सहित अनेक गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। युवाओं को तंबाकू एवं निकोटिन उत्पादों से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इनके दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अंजली सिंह एवं काउंसलर नदीरा बानो उपस्थित रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, गांव और महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।







































































