- महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, सीसीएल वॉरियर्स रही उपविजेता
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आज दिनांक 03 नवंबर, 2026 को महात्मा गांधी क्रीड़ांगन, गांधीनगर, रांची में एकदिवसीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। सीसीएल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच खेलकूद को प्रोत्साहित करना तथा उनकी खेल प्रतिभा को एक बेहतर मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता का शुभारंभ निदेशक (वित्त), श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन), श्री हर्ष नाथ मिश्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सभी कोलकर्मियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं पिच पर बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल का मैदान महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत प्रतीक है। ऐसी प्रतियोगिताएं महिलाओं के आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को नई उड़ान देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सीसीएल की महिलाएं कार्यालय की जिम्मेदारियों से लेकर खेल के मैदान तक हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि खेलकूद जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने कहा कि सीसीएल में महिला कर्मचारियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों एवं खिलाड़ियों को उनके उत्साह और खेल भावना के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस प्रतियोगिता में सीसीएल पैंथर्स, सीसीएल टाइटन्स एवं सीसीएल वॉरियर्स की तीन टीमों ने हिस्सा लिया। लीग चरण के पहले मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स (91/2) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीसीएल टाइटन्स (64/3) को 27 रनों से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स (64/4) ने सीसीएल वॉरियर्स को 30 रनों से हराया। वहीं, तीसरे लीग मुकाबले में सीसीएल वॉरियर्स (130/2) ने सीसीएल टाइटन्स (79/4) को 51 रनों से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
दोपहर 12:30 बजे सीसीएल पैंथर्स एवं सीसीएल वॉरियर्स के बीच 10-10 ओवरों का फाइनल मुकाबला खेला गया। खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीएल पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन किया और 137/1 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीसीएल वॉरियर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 111/6 रन ही बना सकी। इस प्रकार सीसीएल पैंथर्स ने 26 रनों से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सीसीएल वॉरियर्स उपविजेता रही।
मैच के समापन के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा विजेता सीसीएल पैंथर्स एवं उपविजेता सीसीएल वॉरियर्स की टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने सीसीएल की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, टीम भावना और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।






































































