- कलेक्टर के अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन की जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई आयोजित
अनूपपुर 03 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध नशे के कारोबार पर नियंत्रण तथा नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने पूर्व बैठक में अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने मेडिकल दुकानों में विक्रय की जाने वाली नींद की दवाइयों, कफ सिरप एवं अन्य ऐसी औषधियों, जिनका उपयोग नशे के उद्देश्य से किया जा सकता है, की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश ड्रग इंस्पेक्टर को दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल संचालक शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं औषधि विक्रय संबंधी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाए।
उन्होंने जिले के समस्त स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के परिधि में मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीले उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी के माध्यम से प्रतिबंधात्मक प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन कराने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले उत्पादों के अवैध विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं पर्यवेक्षण की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नशे की रोकथाम, जनजागरूकता तथा विभागीय समन्वय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम सहित संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।







































































