- बच्चों की निगरानी और सुरक्षित तरीके से आतिशबाजी कर दुर्घटनाओं से बचें
अनूपपुर 3 नवंबर 2026/ दीपावली खुशियों और उल्लास का पर्व है। इस अवसर पर आतिशबाजी करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए नागरिकों से पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने तथा सुरक्षा संबंधी जरूरी उपाय अपनाने की अपील की गई है। पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं और बच्चों को हमेशा बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें।
विशेष रूप से कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के उपयोग से बचने की सलाह दी गई है। कैल्शियम कार्बाइड के पानी के संपर्क में आने से एसीटिलीन गैस बनती है, जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है। इसके कारण विस्फोट होने पर आंखों, चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लग सकती है। इसलिए इन उपकरणों का उपयोग न करें और बच्चों को भी इनसे दूर रखें।
पटाखे जलाते समय ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखें। जलते पटाखों को हाथ में लेकर न जलाएं तथा नहीं फूटे पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें। पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखें और उनके आसपास आग या अन्य ज्वलनशील सामग्री न रखें। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि दीपावली मनाते समय उत्सव के साथ सुरक्षा को भी महत्व दें। स्वयं सतर्क रहें और बच्चों को भी सुरक्षित आतिशबाजी के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी अप्रिय घटना के बिना सभी के लिए दीपावली खुशियों और उमंग का पर्व बन सके।







































































