मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ठाडपाथर में शिविर आयोजित, कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

---Advertisement---
  • शिविर में प्राप्त हुए 368 आवेदन, पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए हितलाभ

अनूपपुर 30 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम ठाडपाथर में जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। शिविर में कुल 368 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने तथा नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन एवं कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। कलेक्टर श्री झा ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी सरल एवं सहज तरीके से उपलब्ध कराई जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment