चुरकी ग्राम सभा में एनसीएल ने किया सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

---Advertisement---
  • सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

शुक्रवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत एनसीएल द्वारा चुरकी ग्राम सभा में सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करना, उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था। संगोष्ठी के दौरान इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश को ग्रामीणों तक सरल भाषा में पहुँचाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एनसीएल के महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री कमलेश बनसोड ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही अपने अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय अनुशासन अपनाने तथा सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर एनसीएल के वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन/सतर्कता) श्री शिवेंद्र सिंह ने केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं एनसीएल के सतर्कता विभाग की भूमिका और सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों से ग्रामीणजनों को अवगत कराते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी समस्या को समय रहते उचित माध्यम से उजागर करना आवश्यक है। उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की अवधारणा को समझाते हुए सभी से ईमानदारी और नैतिकता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बाएफ लाइवलीहुड्स मध्यप्रदेश के प्रतिनिधियों ने एनसीएल के सहयोग से सिंगरौली जिले के 10 गांवों में संचालित ग्रामीण आजीविका एवं विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए जलवायु अनुकूल खेती, मृदा संरक्षण और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, बाड़ी एवं बागवानी के लिए उर्वरक और बीज की उपलब्धता तथा आवश्यक कृषि परामर्श के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। संस्था का लक्ष्य प्रतिवर्ष लगभग 1,000 किसानों तक पहुँच बनाकर उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में श्री रामकृष्ण विवेकानंद सेवा कुटीर के प्रतिनिधि ने ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। बताया गया कि एक वर्ष से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को मॉडल स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए तैयार किया जा रहा है। इस पहल के परिणामस्वरूप विगत वर्ष 28 बच्चों का आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हुआ, जिससे उनके बेहतर शैक्षणिक भविष्य की संभावनाओं को बल मिला है।

संगोष्ठी के दौरान बाएफ टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक के जरिए ईमानदारी, पारदर्शिता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।

कार्यक्रम में चुरकी के सरपंच श्री राम लल्लू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर एनसीएल के प्रबंधक (सामुदायिक विकास) श्री राजाराम यादव तथा सामुदायिक विकास विभाग से श्री अभिषेक कुमार और श्रीमती पारुल यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एनसीएल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सतर्कता जागरूकता के साथ-साथ ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सामाजिक जिम्मेदारियों और आजीविका के अवसरों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment