सिंगरौली स्थित कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशन में 26 अक्टूबर, 2026 से 1 नवम्बर, 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और जवाबदेही को बढ़ावा देना है, ताकि एक सुदृढ़ और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिले.
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत एनसीएल की सभी परियोजना और इकाइयों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा तथा पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों जैसे निबंध लेखन, ड्राइंग, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, वाद-विवाद, भाषण , सतर्कता जागरूकता ग्राम चौपाल, संवादात्मक सत्र, जागरूकता रैली इत्यादि का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में एनसीएल परियोजनाओं व इकाइयों द्वारा स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान टीम एनसीएल द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एनसीएल टीम ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
इस क्रम में शुक्रवार को एनसीएल मुख्यालय में ड्राइंग व पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोज़न किया गया। इस दौरान प्रतियोगिताओं में एनसीएल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से सत्यनिष्ठा, शुचिता व ईमानदारी का संदेश दिया।
गौरतलब है कि एनसीएल में गत सोमवार से “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” 2026 की शुरुआत की गई थी।







































































