अनूपपुर 06 अगस्त 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने बुधवार की सायंकाल जिला चिकित्सालय अनूपपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवजात शिशु देखभाल इकाई, जनरल मेडिसिन वार्ड, ओपीडी तथा जिला चिकित्सालय परिसर के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री झा ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से अस्पताल की कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शासन की मंशानुसार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें।
भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय दंडाधिकारी अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशि अग्रवाल, डॉ एस सी राय, सिविल सर्जन डॉ परस्ते, डॉ प्रवीण शर्मा, डॉ विनोद सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।
















