कलेक्टर ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर दिए निर्देश

---Advertisement---
  • सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करें – कलेक्टर
  • सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने विद्यालयों में प्रत्येक सप्ताह दिलाई जाए शपथ – कलेक्टर
  • सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं – कलेक्टर

 

अनूपपुर 30 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन,जिला परिवहन अधिकारी श्री सुरेंद्र गौतम,यातायात प्रभारी श्री विनोद दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने जिले के चिन्हित चार प्रमुख ब्लैक स्पॉट बदरा तिराहा थाना भालूमाड़ा, शुक्ला ढाबा के सामने थाना कोतमा, डोंगरिया तिराहा थाना बिजुरी तथा हाईस्कूल के सामने ग्राम बकही थाना चचाई में किए गए एवं लंबित सुधार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, रोड मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, रोड स्टड एवं रिफ्लेक्टर लगाने के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। पसला ढाबा के पास सड़क की दृश्यता बाधित करने वाली झाड़ियों को हटाने तथा शेष आवश्यक सुधार कार्य कराने को कहा।

कलेक्टर ने अनूपपुर शहर के अमरकंटक रोड, चचाई रोड, पुलिस लाइन तिराहा एवं जैतहरी रोड स्थित नो एंट्री प्वाइंट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फुनगा में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर डिवाइडर की क्षतिग्रस्त रेलिंग पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव बोर्ड लगाने तथा साधा तिराहा पर प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। चचाई रोड नो एंट्री प्वाइंट पर शेष रिफ्लेक्टर एवं रोड स्टड लगाने सहित आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को रोकने के लिए उन्हें सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन को इस कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा। नगरीय क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने विद्यालयों में संचालित बसों की फिटनेस, वाहनों की स्थिति एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को हेलमेट के उपयोग एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के लिए कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित करने को कहा। साथ ही प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाने तथा पुलिस थानों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित सुधार कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment