अनूपपुर 30 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आज गढ़ीदादर-चचानडीह स्थित बॉक्साइट खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों, कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं खदान प्रबंधन के प्रतिनिधियों से खनन कार्यों के संचालन, उत्पादन तथा खदान से जुड़ी अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खदान क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे पौधरोपण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खदान प्रबंधन को खदान क्षेत्र एवं आसपास के स्थानों पर अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

कलेक्टर ने खनन कार्य पूर्ण होने के पश्चात खदान क्षेत्र में निर्मित गड्ढों के समुचित उपयोग एवं पुनर्विकास की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन के बाद खाली पड़े गड्ढों में जल संचयन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तालाब (पॉन्ड) निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि इनका उपयोग जल संरक्षण एवं स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं खदान प्रबंधन को इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने खदान क्षेत्र में स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खनन गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन कार्यों के दौरान सभी आवश्यक प्रावधानों का पालन किया जाए तथा खनन के पश्चात भूमि के बेहतर उपयोग एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, सहायक खनिज अधिकारी श्रीमती ईशा वर्मा, तहसीलदार श्री ईश्वर प्रधान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं खदान प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






































































