- तितरा और गुर्रा से धड़ल्ले से जारी है पिकअप में लोडिंग
शहडोल( दीपक द्विवेदी )जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन और तस्करी का काला कारोबार एक बार फिर तेजी से सक्रिय हो गया है। सूत्रों से मिली बेहद पुख्ता और संवेदनशील जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र और गोहपारू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील ठिकानों—तितरा और गुर्रा—से भैंस और पड़वा की गाड़ियों में ताबड़तोड़ लोडिंग का खेल चल रहा है।
मैदानी सूत्रों का दावा है कि चिन्हित की गई इन जगहों से आज पाँच पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लोड किया जा रहा है, जिन्हें सुरक्षित ठिकानों तक पहुँचाने की पूरी तैयारी है।
- ब्लैक स्कॉर्पियो से हो रही ‘पायलटिंग’, आगे नहीं है नंबर प्लेट
इस अवैध परिवहन को बेखौफ अंजाम देने के लिए तस्करों द्वारा हाईटेक और शातिराना तरीका अपनाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मालवाहक गाड़ियों को सुरक्षित रास्ता देने और पुलिस गतिविधियों की रेकी करने के लिए एक काले रंग की स्कॉर्पियो (जिसके पीछे MP-53 दर्ज है और आगे की नंबर प्लेट पूरी तरह गायब है) लगातार पायलटिंग कर रही है। इस संदिग्ध स्कॉर्पियो के जरिए गम्मी और अजीम द्वारा रास्तों की निगरानी कर गाड़ियों को पास कराया जा रहा है।
- प्रशासनिक और पुलिस सतर्कता पर गंभीर सवाल
जैतपुर और गोहपारू थानों की सीमा से लगे इन ग्रामीण इलाकों में खुलेआम मवेशियों से भरी पिकअप गाड़ियों का संचालन और बिना नंबर की संदिग्ध स्कॉर्पियो की दबंगई इस बात की तस्दीक करती है कि तस्करों के हौसले कितने बुलंद हैं। मुख्य मार्गों से दूर अंदरूनी रास्तों का लाभ उठाकर चल रहे इस अवैध कारोबार पर त्वरित रोक लगाना और सख्त वैधानिक कार्रवाई करना अब बेहद आवश्यक हो गया है।
APR न्यूज़ रिपोर्टिंग टीम







































































