- प्रशासन से रानी प्रजापति ने लगाई आर्थिक मदद की गुहार
रिपोर्टर भारत मुंगेरिया
पसान। नगरपालिका परिषद पसान के वार्ड क्रमांक 5, जनुमा कॉलरी क्षेत्र में रानी प्रजापति के मकान के पास जमीन धंसने से हुए नुकसान के बाद भी पीड़ित परिवार को अब तक किसी प्रकार की सहायता राशि नहीं मिल सकी है। परिवार का कहना है कि घटना के कारण घर के दो से तीन कमरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि जमीन धंसने की घटना के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। मकान के प्रभावित हिस्से की स्थिति को देखते हुए परिवार को उम्मीद थी कि प्रशासन की ओर से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि क्षतिग्रस्त कमरों की मरम्मत अथवा आवश्यक भरपाई की जा सके। लेकिन घटना के बाद काफी समय बीत जाने के बावजूद सहायता राशि नहीं मिलने से पीड़ित परिवार निराश है।
रानी प्रजापति ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर स्थल का निरीक्षण कराया जाए तथा हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। परिवार का कहना है कि सहायता मिलने से कम से कम क्षतिग्रस्त कमरों की मरम्मत कराकर रहने की व्यवस्था को सुरक्षित किया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवार की मदद करने की मांग की है। उनका कहना है कि जमीन धंसने जैसी घटना में प्रभावित परिवार को तत्काल राहत और सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उपलब्ध कराना जरूरी है।





























