मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल के निर्माण पर मंत्री की सीधी नजर

---Advertisement---

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने परसगढ़ी मेडिकल कॉलेज और 220 बिस्तर अस्पताल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को तय समय में निर्माण पूरा करने की दो टूक हिदायत

मनेन्द्रगढ़। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति जानने स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मंगलवार को निर्माण स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल तथा परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने निर्माण कार्यों से जुड़े तकनीकी पहलुओं को समझा और अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूछा कि परियोजना के कौन कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं और किन कार्यों को पूरा किया जाना बाकी है साथ ही शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने की कार्ययोजना की जानकारी भी ली।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी निर्माण कार्यों में केवल तेजी दिखाना पर्याप्त नहीं है बल्कि उनकी मजबूती और गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिये कि निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने नियमित निरीक्षण और विभागीय समन्वय के माध्यम से निर्माण कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया।

  • मेडिकल कॉलेज से बदलेगी क्षेत्र की स्वास्थ्य तस्वीर

परसगढ़ी में बन रहा मेडिकल कॉलेज एमसीबी जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के नये अवसर विकसित होंगे। स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा वहीं जिले और आसपास के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण केवल आधारभूत संरचना तैयार करने तक सीमित नहीं है बल्कि इससे पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में इसका लाभ विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों को भी मिलेगा। इसी तरह 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल की बेहतर व्यवस्था क्षेत्रवासियों को उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

  • लापरवाही और देरी पर रहेगी कड़ी नजर

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाये। यदि किसी स्तर पर तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाये। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि निर्धारित समय में निर्माण पूरा हो और जनता को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने दोहराया कि मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे एमसीबी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पताल जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के भविष्य से जुड़ी हैं इसलिए इनके निर्माण में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ के एमडी रूपेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment