- लखनपुर खाल्हेटोला में वारदात से सनसनी, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा
अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर खाल्हेटोला में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार 9 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच रामभुवन बैगा का अपनी पत्नी रिन्की बैगा से विवाद हुआ। विवाद का कारण पत्नी द्वारा उसे छोड़कर चले जाने की बात बताई गई है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चूल्हे के पास रखी जलाऊ लकड़ी की लाठी तथा हाथ-मुक्के से पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते रिन्की बैगा की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ग्राम लखनपुर खाल्हेटोला पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ तथा डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल और शव का निरीक्षण कराया गया। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त लाठी को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 593/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रामभुवन बैगा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम लखनपुर खाल्हेटोला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
- त्वरित कार्रवाई से आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू करने और साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की, जिससे हत्या के आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सका।
कार्रवाई में त्रिलोक सिंह वालरे, सरिता लकड़ा, शिव शंकर प्रजापति, राजेश कंवर, दीपक बुन्देला और कुन्ती शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




























