- शहर की सड़कों पर तेज पटाखानुमा आवाज से मचा रहे थे शोर, कोतवाली पुलिस ने दो बाइक चालकों पर की कार्रवाई
अनूपपुर। दीपावली पर्व की रात अनूपपुर नगर की सड़कों पर तेज आवाज और पटाखानुमा धमाके करने वाले प्रतिबंधित साइलेंसर लगी रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक चालकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। आम नागरिकों की शिकायत के बाद पुलिस ने नगर के विभिन्न मार्गों पर पेट्रोलिंग कर दो बुलेट बाइक को रोककर जांच की।
बताया गया कि 8 नवंबर की रात नगरवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ बाइक चालक रॉयल एनफील्ड बुलेट में ऐसे साइलेंसर लगाकर घूम रहे हैं, जिनसे अत्यधिक तेज और कानफोड़ू आवाज निकल रही है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न मार्गों पर सघन पेट्रोलिंग की। इस दौरान दो रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक चालकों को रोककर वाहनों की जांच की गई। जांच में दोनों वाहनों में प्रतिबंधित तेज आवाज वाले साइलेंसर लगे मिले।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों वाहनों से प्रतिबंधित साइलेंसर निकलवाए और कंपनी द्वारा अधिकृत साइलेंसर लगवाए। इसके साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में इस तरह के प्रतिबंधित साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
- नागरिकों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
दीपावली जैसे पर्व पर जब नगर में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ आवागमन कर रहे थे, ऐसे समय में तेज आवाज वाले साइलेंसर के खिलाफ की गई कार्रवाई को नागरिकों के लिए राहत देने वाली कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस द्वारा शिकायत मिलते ही पेट्रोलिंग बढ़ाकर कार्रवाई किए जाने से लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।
प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई यह कार्रवाई शहर में अनावश्यक शोर और नियम विरुद्ध वाहन मॉडिफिकेशन पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्रवाई में सुरेन्द्र सिंह, शेख रसीद और दीपक बुन्देला की भूमिका रही।




























