- चार स्थानों पर दबिश, 46,950 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त
अनूपपुर। परीवा के दिन कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने नगर क्षेत्र में जुआ फड़ों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे 19 आरोपियों को मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 46,950 रुपये नकद और 52-52 ताश के पत्ते जब्त किए।
कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई में राहुल यादव, कालीचरण पनिका, विक्रम सोंधिया और विकास कोल से 1,380 रुपये जब्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई में बृजकिशोर गुप्ता, रमेश कोरी, रंजीत लावरानी, जितेन्द्र कुमार गुप्ता और यार मोहम्मद से 29,800 रुपये बरामद हुए। तीसरी कार्रवाई में वीरेन्द्र गुप्ता, उमेश यादव, महेन्द्र पाण्डेय, गंगाराम पाण्डेय और शैलेश सिंह से 2,470 रुपये जब्त किए गए।
चौथी कार्रवाई में हीरामन राठौर, किशन नापित, सुशील कुमार महरा, संजीव राठौर और राजाराम राठौर से 13,300 रुपये बरामद किए गए। सभी मामलों में पुलिस ने धारा 13 पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।





























