- हादसे के चार घंटे बाद तक कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे! कैंप में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल
- एसईसीएल प्रबंधन की निगरानी पर भी उठे सवाल, क्या होगी निष्पक्ष जांच या मामले में होगी लीपापोती?
रामपुर बटुरा मेगा प्रोजेक्ट में कार्यरत जै अम्बे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सुबह-सुबह लगी भीषण आग ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था की कथित पोल खोलकर रख दी है। आग की घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। लेकिन इस घटना ने कंपनी के सुरक्षा इंतजामों और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- कैंप में अग्निशमन उपकरणों का अभाव?
सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि औद्योगिक एवं खनन गतिविधियों से जुड़े इतने बड़े प्रोजेक्ट में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था आखिर क्यों उपलब्ध नहीं थी? यदि कैंप में पर्याप्त फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, पानी की व्यवस्था और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मचारी मौजूद थे, तो आग पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए क्या कदम उठाए गए? यदि ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं तो यह सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमी का विषय है।
कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है? क्या सुरक्षा उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाता है या फिर कागजों में ही सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं?
- चार घंटे तक जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर सवाल
इस घटना का एक और गंभीर पहलू यह बताया जा रहा है कि हादसा होने के लगभग चार घंटे बाद तक कंपनी के वरिष्ठ एवं जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। यदि यह जानकारी सही है तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि इतनी बड़ी आपातकालीन घटना के दौरान अधिकारियों की तत्काल उपस्थिति क्यों नहीं सुनिश्चित की गई? क्या कंपनी में कोई प्रभावी इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम मौजूद है? कर्मचारियों को संकट की स्थिति में दिशा-निर्देश देने की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी?
- सेफ्टी विभाग के प्रमुख के.के. पांडेय की जवाबदेही पर सवाल
कंपनी के सेफ्टी विभाग के प्रमुख के.के. पांडेय की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर नियमित सुरक्षा निरीक्षण की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या कैंप में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की जांच की गई थी? हालांकि किसी अधिकारी की लापरवाही अभी प्रमाणित नहीं हुई है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
- एसईसीएल प्रबंधन ने अब तक कैंप का निरीक्षण क्यों नहीं किया?
यह मामला केवल ठेका कंपनी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। रामपुर बटुरा मेगा प्रोजेक्ट एसईसीएल से जुड़ा हुआ है। ऐसे में सवाल है कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा ठेका कंपनी के कैंप और कार्यस्थल की फायर सेफ्टी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण किया गया था या नहीं? क्या सुरक्षा ऑडिट की रिपोर्ट की समीक्षा हुई? क्या अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी?
यदि निरीक्षण हुआ था तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक जांच के दायरे में लाई जानी चाहिए और यदि निरीक्षण नहीं हुआ तो इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
- बड़ी दुर्घटना में जान-माल का नुकसान हुआ तो जिम्मेदार कौन?
आज आग की घटना में आर्थिक नुकसान की आशंका सामने आई है, लेकिन कल यदि इसी प्रकार की लापरवाही के कारण किसी कर्मचारी की जान चली जाए या बड़ी जनहानि हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या कंपनी प्रबंधन, सुरक्षा विभाग और संबंधित निगरानी एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करेंगी?
क्षेत्रीय लोगों और कर्मचारियों की मांग है कि एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल एवं कंपनी कैंप का निरीक्षण करें। फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच हो तथा सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की पुष्टि की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि एसईसीएल प्रबंधन इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष कार्रवाई करेगा या फिर मामला केवल कागजी जांच और औपचारिकताओं तक सीमित रह जाएगा? कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।











































