हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना का मामला, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव के खिलाफ अवमानना याचिका दायर

---Advertisement---

हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना का मामला, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव के खिलाफ अवमानना याचिका दायर

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय तथा एरियस और ग्रेच्युटी का मामला पहुंचा फिर हाईकोर्ट, आदेश का पालन नहीं होने पर उठाए गए कानूनी कदम

जबलपुर/सीधी। मध्यप्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय तथा ग्रेच्युटी से जुड़े महत्वपूर्ण मामले में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के आदेश का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की गई है। इस मामले ने एक बार फिर प्रदेश की हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के बीच मानदेय की बहाली, बकाया राशि की एरियस भुगतान तथा सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी मिलने की उम्मीद को चर्चा में ला दिया है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन की महासचिव विभा पांडे द्वारा अपने अधिवक्ता के माध्यम से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अवमानना याचिका क्रमांक 8347/2026 प्रस्तुत की गई है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि उच्च न्यायालय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक आदेश का पालन नहीं किया है। इसी आधार पर विभाग के सचिव के विरुद्ध न्यायालय की अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई है।

क्या है पूरा मामला?

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में कटौती तथा ग्रेच्युटी के भुगतान से संबंधित विवाद लंबे समय से न्यायालय के समक्ष विचाराधीन रहा है। इसी मामले में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर ने 3 फरवरी 2026 को रिट याचिका क्रमांक 5966/2023 कि याचिका में आदेश पारित किया था।

इस मामले में न्यायमूर्ति विशाल धगट की पीठ ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। आदेश में मुख्य रूप से 27 जून 2019 से पहले दिया जा रहा मानदेय का राज्यांश बहाल करने, बकाया राशि का एरियस का भुगतान ब्याज सहित करने तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम, 1972 के अंतर्गत लाभ देने के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश शामिल थे।

हाईकोर्ट ने दिए थे ये महत्वपूर्ण निर्देश

उच्च न्यायालय के 3 फरवरी 2026 के आदेश के अनुसार प्रमुख निर्देश निम्नलिखित थे—

1. मानदेय का राज्यांश बहाल करना: 27 जून 2019 से पहले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा मानदेय का राज्यांश पुनः बहाल किया जाए।

2. बकाया राशि का भुगतान: मानदेय में कटौती के कारण बकाया हुई एरियस राशि का 6 प्रतिशत ब्याज सहित 120 दिनों के भीतर भुगतान किया जाए।

3. ग्रेच्युटी का लाभ: सर्वोच्च न्यायालय के फैसले मनीबेन मगनभाई भरिया बनाम जिला विकास अधिकारी के आधार पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भुगतान अधिनियम, 1972 के अंतर्गत ग्रेच्युटी का लाभ देने के संबंध में कार्रवाई की जाए तथा इसके लिए छह माह के भीतर नया आदेश पारित किया जाए।

इन निर्देशों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लंबे समय से लंबित अधिकारों से जोड़कर देखा जा रहा है।

उक्त मामले में हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर 21 अप्रैल 2026 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता यूनियन के महासचिव विभा पांडे की रिट याचिका क्रमांक 14501/2019 का भी निराकरण किया गया था। याचिकाकर्ता का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद विभाग को आवश्यक कार्रवाई करनी थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

आदेश की प्रमाणित प्रति भेजने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

अवमानना याचिका में कहा गया है कि उच्च न्यायालय के आदेश की प्रमाणित प्रति रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव को भेजी गई थी, ताकि न्यायालय के निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके बावजूद विभाग द्वारा न तो मानदेय के राज्यांश की बहाली के संबंध में आवश्यक आदेश जारी किया गया, न ही बकाया एरियर का 6 प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान किया गया और न ही ग्रेच्युटी के संबंध में कोई निर्णय लिया गया।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कार्रवाई नहीं करना न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है। इसी को आधार बनाकर न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 के अंतर्गत संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की गई है।

अवमानना याचिका में न्यायालय से क्या मांग की गई?

दायर याचिका में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय से प्रमुख रूप से मांग की गई है कि—

1. महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव के विरुद्ध न्यायालय की अवमानना की कार्यवाही प्रारंभ की जाए।
2. न्यायालय के पूर्व में पारित आदेशों का पालन नहीं करने के संबंध में जिम्मेदार अधिकारी से जवाब मांगा जाए।
3. मानदेय के राज्यांश की बहाली तथा बकाया एरियर के भुगतान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
4. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रेच्युटी का लाभ देने के संबंध में न्यायालय के आदेश का समयबद्ध पालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रदेश की हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें हाईकोर्ट पर

इस अवमानना याचिका के दायर होने के बाद मध्यप्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें अब हाईकोर्ट की आगामी कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बावजूद मानदेय में कटौती और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा जैसे सवाल उनके सामने बने हुए हैं।

यदि उच्च न्यायालय के पूर्व आदेशों का प्रभावी ढंग से पालन होता है तो प्रदेश की हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मानदेय के बकाया अंतर की राशि ब्याज सहित मिलने तथा ग्रेच्युटी का लाभ प्राप्त करने का रास्ता खुल सकता है।

अब यह मामला केवल एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की हजारों महिला कर्मियों के आर्थिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन गया है। ऐसे में अवमानना याचिका पर हाईकोर्ट की आगामी सुनवाई और निर्णय पर पूरे प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें लगी हुई हैं।
भवदीय
विभा पांडे
महासचिव
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन एटक मध्य प्रदेश

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

November 28, 2026

Kotadol Police Chhatishgarh

November 28, 2026

Leave a Comment