अमरकंटक में 29 नवंबर को होगी पुजारी प्रशिक्षण एवं तीर्थ प्रबंधन पर संभागीय संगोष्ठी
धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और तीर्थस्थलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर होगा मंथन ,
प्रदेश के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी होंगे मुख्य अतिथि , शहडोल संभाग के विद्वान पुजारी , धर्माचार्य एवं संत-महात्मा होंगे शामिल
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
![]()
![]()
अमरकंटक – प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक में धार्मिक परंपराओं के संरक्षण , मंदिरों की पूजा-पद्धतियों को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने तथा तीर्थस्थलों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है । मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग तथा मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण के तत्वावधान में 29 नवंबर 2026 दिन रविवार को श्री कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक में शहडोल संभाग स्तरीय एक दिवसीय पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला एवं तीर्थ प्रबंधन संगोष्ठी आयोजित की जाएगी
इस गरिमामय आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति , पर्यटन , धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे । वहीं कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया करेंगे
प्रदेश की विशिष्ट हस्तियों एवं धर्माचार्यों की रहेगी उपस्थिति
संगोष्ठी में प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधियों , प्रशासनिक अधिकारियों , धर्माचार्यों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है । इनमें पशुपालन कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष विष्णु राजौरिया , शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह , अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला , महामंडलेश्वर राम गोपाल जी महाराज , मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल , विधायक जयसिंह मरावी , पूर्व कुलपति डॉ. नरेंद्र भोंटिया , विधायक शिवनारायण सिंह , अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा , अमरकंटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेंद्र भारती , अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह तथा अमरकंटक नगर परिषद की अध्यक्ष पार्वती सिंह सहित अन्य गणमान्य जन शामिल रहेंगे
आयोजन में मध्यप्रदेश तीर्थ-स्थान एवं मेला प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रहेगी
पुजारियों के प्रशिक्षण के साथ तीर्थ व्यवस्थाओं पर होगा सार्थक विमर्श
इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शहडोल संभाग के विभिन्न धार्मिक स्थलों से जुड़े पुजारियों को पूजा-अर्चना की पारंपरिक विधियों , धार्मिक मर्यादाओं , मंदिरों के संचालन , तीर्थस्थलों के प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है
संगोष्ठी में पुजारियों की धार्मिक एवं सामाजिक भूमिका , मंदिरों की व्यवस्थाओं में अनुशासन , तीर्थस्थलों की स्वच्छता , श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार , धार्मिक परंपराओं की गरिमा तथा तीर्थयात्रियों की सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा । इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक स्थलों से जुड़े अनुभवी पुजारियों एवं धर्माचार्यों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा
प्रातः से शाम तक चलेंगे प्रशिक्षण एवं विचार-विमर्श के सत्र
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 8:30 बजे से 10 बजे तक अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए जलपान तथा पंजीयन की व्यवस्था रहेगी । प्रातः 10:25 से 10:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ होगा । इसके पश्चात प्रथम सत्र प्रारंभ होगा । द्वितीय सत्र दोपहर 12 बजे से 1:15 बजे तक चलेगा । भोजनावकाश के बाद दोपहर 2:15 बजे से तृतीय सत्र आयोजित होगा । अपराह्न 3:45 से 4:30 बजे तक समापन सत्र निर्धारित है जबकि शाम 4:30 से 5:15 बजे तक चाय का कार्यक्रम रखा गया है ।
अमरकंटक की धार्मिक गरिमा के अनुरूप महत्वपूर्ण पहल
मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक भारतीय सनातन संस्कृति , अध्यात्म , आस्था और धार्मिक परंपराओं का विशिष्ट केंद्र है । मां नर्मदा के दर्शन , पूजन और तीर्थाटन के लिए यहां वर्षभर देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता रहता है । ऐसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थल पर पुजारी प्रशिक्षण एवं तीर्थ प्रबंधन को लेकर संभाग स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन विशेष महत्व रखता है
यह पहल केवल पुजारियों के प्रशिक्षण तक सीमित नहीं बल्कि धार्मिक विरासत को सहेजने , मंदिरों की पारंपरिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और तीर्थयात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है ।
उम्मीद है कि इस संगोष्ठी के माध्यम से शहडोल संभाग के विभिन्न धार्मिक स्थलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा अनुभवों और विचारों के आदान-प्रदान से तीर्थ प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी । मां नर्मदा की पावन धरा अमरकंटक इस अवसर पर धर्म , अध्यात्म और सनातन परंपराओं से जुड़े विद्वानों एवं संत-महात्माओं के विचारों की साक्षी बनेगी ।
यह संभाग स्तरीय पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला एवं तीर्थ प्रबंधन संगोष्ठी 29 नवंबर 2026 रविवार को श्री कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) में आयोजित होगी । कार्यक्रम का मुख्य शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा













































