एनसीएल के 56 कर्मियों को सम्मानपूर्ण विदाई, महाप्रबंधक दिनेश दंडोतिया सहित अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवाओं को किया गया नमन

---Advertisement---

एनसीएल के 56 कर्मियों को सम्मानपूर्ण विदाई, महाप्रबंधक दिनेश दंडोतिया सहित अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवाओं को किया गया नमन

मुख्यालय में अभिनंदन समारोह आयोजित, निदेशक मंडल ने कहा— कर्मियों के समर्पण से मिली एनसीएल को नई ऊंचाइयां

सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जुलाई माह के अंतिम कार्य दिवस पर 56 कर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। इनमें 4 अधिकारी और 52 कर्मचारी शामिल हैं। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में गरिमामय अभिनंदन एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

मुख्यालय से महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) दिनेश दंडोतिया तथा प्रशासन विभाग के यूडीसी क्लर्क अरविंद सिंह सेवानिवृत्त हुए। समारोह में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मियों ने अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण से एनसीएल को उत्कृष्टता के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके कर्मियों की कार्यनिष्ठा पर आधारित होती है और एनसीएल के ये अधिकारी एवं कर्मचारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी ने भी अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से महाप्रबंधक दिनेश दंडोतिया के सौम्य व्यक्तित्व, तकनीकी दक्षता, कर्मठता और जटिल समस्याओं के त्वरित समाधान की क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व ने कंपनी को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने एनसीएल और कोल इंडिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था में बिताए गए वर्षों की यादें उनके जीवन की सबसे मूल्यवान धरोहर रहेंगी। उन्होंने कंपनी द्वारा दिए गए सहयोग, सम्मान और पारिवारिक वातावरण को जीवनभर याद रखने की बात कही तथा एनसीएल की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यालय के अलावा एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए। सहकर्मियों ने उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया तथा उनके दीर्घायु, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।

गरिमामय माहौल में आयोजित इस समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि एनसीएल अपने कर्मियों के योगदान का सम्मान करता है और सेवा निवृत्ति के बाद भी उनके समर्पण और कार्यों को सदैव स्मरण रखता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 31, 2026

July 31, 2026

July 31, 2026

July 31, 2026

July 31, 2026

July 31, 2026

Leave a Comment