बस किराया वृद्धि का निर्णय तत्काल वापस ले सरकार – यज्ञराज
कुबरी। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा परिवहन विभाग के बस किराए में की गई वृद्धि पर जनपद सदस्य यज्ञराज ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे आम जनता, विशेषकर गरीब, मजदूर, किसान, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के हितों के विरुद्ध बताया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश का युवा बेरोजगारी, किसान बढ़ती लागत, मजदूर आर्थिक तंगी, व्यापारी मंदी तथा मध्यमवर्गीय परिवार लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में बस किराए में वृद्धि लाखों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला निर्णय है।
यज्ञराज ने कहा कि दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले श्रमिक, प्रतिदिन बस से आवागमन करने वाले कर्मचारी तथा विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थी इस निर्णय से सबसे अधिक प्रभावित होंगे। परिवहन लागत बढ़ने का सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा, जिससे महंगाई और बढ़ेगी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए बस किराया वृद्धि के निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए तथा इसे वापस लेकर प्रदेशवासियों को राहत प्रदान की जाए।
यज्ञराज ने कहा कि सरकार का दायित्व जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना नहीं, बल्कि राहत देना है। इसलिए सरकार को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस निर्णय को वापस लेना चाहिए।
















