- वेशभूषा, कैरेक्टर वॉक और म्यूजिकल डांस ने मोहा मन, आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से हुआ आयोजन
मनेन्द्रगढ़। अलास्का पब्लिक स्कूल में हैलोवीन कार्निवल का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस आयोजन में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और विभिन्न गतिविधियों ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
कार्निवल में विद्यार्थियों ने जादूगर, सुपरहीरो, वैज्ञानिक, पिशाच और विभिन्न काल्पनिक पात्रों की वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिये शिक्षकों ने भी विशेष वेशभूषा में कार्यक्रम में सहभागिता की। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कैरेक्टर वॉक एवं डायलॉग प्रेजेंटेशन रहा जिसमें बच्चों ने अपने अपने किरदारों के अनुरूप संवाद और अभिनय प्रस्तुत कर अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया। इसके अलावा मिस्ट्री गेम्स और म्यूजिकल डांस जैसी मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को और भी रोचक बना दिया। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों की झिझक दूर करना, उनके भीतर आत्मविश्वास और साहस विकसित करना, तार्किक एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था। शिक्षकों ने बच्चों को संदेश दिया कि किसी भी चुनौती का सामना ज्ञान, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के बल पर किया जा सकता है।
समूचा आयोजन स्कूल संचालक मो. फिरोज मंसूरी और कोऑर्डिनेटर ऋचा गुप्ता के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






































































