अनूपपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर रत्नाकर झा एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों और शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सांदीपनि विद्यालय, निर्माणाधीन सामुदायिक भवन एवं उद्यान विभाग की नर्सरी का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुष्पराजगढ़ स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सांदीपनि विद्यालय) में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, फर्नीचर सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही भवन में फर्श, टाइल्स, छत की वाटरप्रूफिंग, विद्युत व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत किरगी में जोहिला नदी तट पर निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उद्यान विभाग की नर्सरी का भी अवलोकन किया। यहां पौधों के उत्पादन, रखरखाव, उपलब्धता और विक्रय व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने नर्सरी की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण होने चाहिए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।












































