- जमुना कॉलोनी और भालूमाड़ा केवई नदी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, हजारों व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
जमुना कोतमा लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को जमुना कॉलोनी छठ तालाब घाट एवं भालूमाड़ा स्थित केवई नदी घाट पर भक्तिमय वातावरण में छठ मैया की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
छठ पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही व्रती महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक रूप से सजे पूजा के डाले, सूप, फल, नारियल, गन्ना एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों के साथ छठ घाटों की ओर रवाना हुए। घाटों पर पहुंचकर व्रतियों ने नदी एवं तालाब के पवित्र जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य दिया और छठी मैया की आराधना की। इस दौरान छठ मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

जमुना कॉलोनी छठ तालाब घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। वहीं भालूमाड़ा केवई नदी घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रतियों एवं उनके परिजनों ने पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। छठ व्रत की कठिन साधना और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने पूरे क्षेत्र को धार्मिक उत्सव के रंग में रंग दिया।
इस महापर्व की विशेष बात यह रही कि पूजा-अर्चना में किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित न रहकर विभिन्न समाजों एवं समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठ मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस सामूहिक सहभागिता ने सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और अनेकता में एकता का सुंदर संदेश दिया।
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य से परिवार के सदस्यों के उत्तम स्वास्थ्य, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, घर-परिवार में सुख-शांति तथा क्षेत्र एवं देश की उन्नति की मंगल कामना की। देर शाम तक दोनों घाटों पर धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना रहा। छठ महापर्व के इस आयोजन ने एक बार फिर जमुना कॉलोनी एवं भालूमाड़ा क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित किया। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में छठ पूजा समिति नगर पालिका परिषद पसान एवं पुलिस प्रशासन का सराहनीय योगदान रहा











































