- नर्मदा उत्तर तट साप्ताहिक बाजार में नमामि देवी नर्मदे नवरंग गरबा महिला मंडल का आयोजन शानदार ,
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र धार्मिक नगरी अमरकंटक में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भक्ति , उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला । नवरात्रि के रंग में रंगे नगर में डांडिया और गरबा की धूम रही । इसी क्रम में शनिवार शाम नर्मदा उत्तर तट स्थित साप्ताहिक बाजार स्थल पर नमामि देवी नर्मदे नवरंग गरबा महिला मंडल समिति अमरकंटक द्वारा भव्य डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें नन्ही बच्चियां , युवा और महिलाएं सम्मिलित रहीं । कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया ।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि अमरकंटक में पहली बार इतने बड़े स्तर पर डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इसमें सास-बहू ने एक साथ डांडिया खेलकर सामाजिक समरसता , पारिवारिक प्रेम और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया । पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और बच्चियों ने संगीत की धुन पर डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं । उनके उत्साह और उमंग ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया जिसमें जमकर तालिया और आकाशीय पटाखों की गरज बनी रही ।
कार्यक्रम स्थल पर देर रात तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा ।

आयोजन को सफल बनाने में महिलाओं का सराहनीय योगदान
इस भव्य आयोजन की कार्यक्रम संयोजक श्रीमती मैत्री बनर्जी , श्रीमती कशिश खत्री एवं श्रीमती उमा मिश्रा रहीं । वहीं श्रीमती प्रीति उपाध्याय , श्रीमती पिंकी द्विवेदी , श्रीमती निशु द्विवेदी सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । संयोजकों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण , मेहनत और सहयोग की सराहना की तथा सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं ।

नर्मदा मंदिर के मुख्य
द्वार पर नन्हीं बालिकाओं ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
इसी तरह अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर के मुख्य द्वार पर भी दो दिनों तक डांडिया नृत्य का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में नन्हीं-नन्हीं बालिकाओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया । छोटी बच्चियों के मनमोहक नृत्य और पारंपरिक अंदाज ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती मीना सोनवानी सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम भव्य एवं यादगार बना ।
नवरात्रि में भक्ति के साथ संस्कृति का उत्सव
अमरकंटक में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि नवरात्रि केवल देवी आराधना का पर्व ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति , पारिवारिक एकता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर भी है । महिलाओं से लेकर नन्हीं बालिकाओं तक की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने नवरात्रि के उल्लास को और बढ़ा दिया । डांडिया और गरबा के माध्यम से नगर में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला ।






































































