- जिला मुख्यालय में आयोजित हुआ विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम
- जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लिया विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प
अनूपपुर 7 अक्टूबर 2026- जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आज को ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल तथा अनूपपुर विधायक श्री बिसाहूलाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।

कार्यक्रम के दौरान संदीप शिवहरे की टीम ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक प्रस्तुति दी। देशभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने उपस्थित नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके पश्चात राज्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए निकलने वाली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित होने के बाद जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए नागरिक अपनी-अपनी सेवा ज्योति के साथ संबंधित क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता करेंगे। यात्रा में सबसे आगे रथ रहेगा, जिसके पीछे एक नागरिक प्रज्ज्वलित मशाल लेकर चलेगा। यह यात्रा सेवा, संकल्प और विकसित भारत के निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम, श्री संजय साहू सहित विभिन्न जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा जिलेभर से आए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







































































