उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में होगा जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन
अनूपपुर 06 अक्टूबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने बताया कि जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 07 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकलने वाली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का जिला मुख्यालय से शुभारंभ होगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रातः 9 बजे से 9.45 बजे तक देशभक्ति गीतों का गायन होगा। इसके पश्चात प्रातः 9.45 बजे माननीय प्रधानमंत्री जी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री जी के उद्घाटन के पश्चात दिल्ली के मुख्य समारोह से सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद जिले में भी सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी।
विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना होंगी सेवा ज्योति यात्रा
सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित होने के बाद जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से आए नागरिक अपनी-अपनी सेवा ज्योति यात्रा के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। यात्रा में सबसे आगे एक रथ रहेगा, जबकि रथ के पीछे एक नागरिक प्रज्ज्वलित मशाल लेकर चलेगा।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए मंच, बैठक, बैकड्रॉप, स्क्रीन, एलईडी, साउंड सिस्टम, पेयजल, भोजन, यातायात, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।







































































