रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कोतमा बाजार में उमड़ा जनसैलाब

---Advertisement---

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कोतमा बाजार में उमड़ा जनसैलाब

खरीदारी को लेकर सुबह से देर रात तक बाजार गुलजार, बसों और ट्रेनों में रही भारी भीड़; जाम ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

रिपोर्टर भरत मिश्रा, कोतमा

कोतमा। रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पहले गुरुवार को कोतमा नगर का बाजार खरीदारों की भारी भीड़ से गुलजार रहा। सुबह से लेकर देर रात तक नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बनी रही। गांधी चौक, आजाद चौक, स्टेशन चौक, पुराना स्टेट बैंक चौक और बस स्टैंड सहित आसपास के बाजारों में बड़ी संख्या में लोग त्योहार की खरीदारी करने पहुंचे।

रक्षाबंधन को लेकर बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कपड़ों, साड़ियों, मनिहारी सामग्री, राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार की कई गलियों में स्थिति ऐसी रही कि लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कपड़े, साड़ी और मनिहारी दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़

त्योहार की खरीदारी के लिए परिवारों के साथ बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। कपड़ों की दुकानों पर बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पसंदीदा कपड़े खरीदते नजर आए। महिलाओं ने साड़ी और अन्य परिधानों की जमकर खरीदारी की। वहीं मनिहारी दुकानों पर भी महिलाओं एवं युवतियों की भीड़ दिखाई दी।

रक्षाबंधन के लिए राखी, पूजन सामग्री और भाई-बहनों के लिए उपहार खरीदने का सिलसिला भी दिनभर जारी रहा। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की चहल-पहल रही। त्योहार के कारण दुकानदारों के चेहरों पर भी कारोबार बढ़ने को लेकर उत्साह नजर आया।

चांदी की राखियों की बढ़ी मांग

इस बार बाजार में चांदी की राखियों की मांग विशेष रूप से देखने को मिली। ज्वेलरी दुकानों पर आकर्षक डिजाइन वाली चांदी की राखियों के ऑर्डर भी ग्राहकों द्वारा दिए गए। दुकानदारों के अनुसार कई लोग चांदी की राखी को यादगार के रूप में सहेजकर रखना पसंद करते हैं।

रक्षाबंधन पर बहनों को विशेष उपहार देने के लिए भाइयों द्वारा आभूषणों की भी खरीदारी की गई। दुकानदारों ने बताया कि सोने की चेन, अंगूठी, ईयर रिंग के साथ क्राफ्ट और एंटीक ज्वेलरी की मांग भी रही। खास तौर पर हल्की वजन वाली गोल्ड ज्वेलरी ग्राहकों की पसंद बनी हुई है।

राखी के साथ महंगे उपहार भी पसंद

रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों को यादगार उपहार देने के लिए अलग-अलग विकल्प तलाशते नजर आए। आभूषणों के अलावा भाई-बहन की तस्वीरों के कोलाज, मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी भी की गई।

कई लोगों ने अपनी बहनों के लिए पहले से पसंद की गई लाइटवेट ज्वेलरी के ऑर्डर भी दिए। इससे रक्षाबंधन के अवसर पर उपहार बाजार में भी अच्छी चहल-पहल देखने को मिली।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़

रक्षाबंधन के कारण कोतमा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से लेकर देर रात तक महिलाएं और परिवार अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए स्टेशन और बस स्टैंड पहुंचते रहे।

ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी रही, वहीं बसों में भी भारी भीड़ देखने को मिली। कई बसों में यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि पैर रखने तक की जगह मुश्किल से मिल रही थी। अपने मायके जाने वाली महिलाओं में रक्षाबंधन को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।

बाजार में हर घंटे जाम की स्थिति

त्योहार की खरीदारी के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों से बाजार पहुंचने के कारण नगर में कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। बाजार क्षेत्र में सुबह से देर रात तक भीड़ बनी रहने के कारण कई बार जाम की स्थिति निर्मित हुई।

सबसे अधिक परेशानी मुखर्जी चौक से बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर देखने को मिली। वाहनों की संख्या बढ़ने और सड़क किनारे दुकानों का सामान व फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने के कारण मार्ग संकरा हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

यातायात व्यवस्था संभालने पुलिस रही मुस्तैद

बढ़ती भीड़ को देखते हुए थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिस जवान बाजार के प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे और जाम की स्थिति बनने पर यातायात को व्यवस्थित कराने में जुटे रहे।

पुलिस द्वारा बाजार की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही दुकानदारों से भी सड़क पर दुकान का सामान अथवा फ्लेक्स बोर्ड न लगाने की समझाइश दी गई, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कोतमा में बाजार से लेकर परिवहन केंद्रों तक रही चहल-पहल ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया। खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ से जहां बाजार में उत्सव जैसा माहौल रहा, वहीं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment