अनूपपुर 20 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार संपूर्ण मध्य प्रदेश के साथ-साथ अनूपपुर जिले में भी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायत देवरी में जन-सहभागिता और मशीनरी के सहयोग से स्थानीय स्टॉप डैम का कायाकल्प किया गया।
ग्राम पंचायत देवरी में जल संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्टॉप डैम में जमा गाद (सिल्ट), मिट्टी और अनावश्यक झाड़ियों की सफाई की गई। स्थानीय निवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वतः स्फूर्त होकर श्रमदान किया, वहीं गहरी खुदाई एवं भारी मलबे के त्वरित निस्तारण हेतु जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। इस संयुक्त प्रयास से डैम परिसर को स्वच्छ और गहरा बनाया गया है, जिससे आगामी वर्षा ऋतु में इसकी जल भराव क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
स्टॉप डैम की सफाई होने से न केवल क्षेत्र के भू-जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि पशुधन के लिए पेयजल और निस्तारी जल की समस्या का भी निराकरण होगा। जल स्रोतों के पुनरुद्धार से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कृषि कार्यों के लिए भी जल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में जिले भर की जल संरचनाओं के पुनरुद्धार का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। अभियान के तहत पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने के लिए जन-भागीदारी और विभागीय संसाधनों का समुचित उपयोग किया जा रहा है।















































