अनूपपुर शिक्षा के क्षेत्र में बना प्रदेश का अग्रणी जिला

---Advertisement---

 

मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा कक्षा 10वीं में प्रदेश में प्रथम और 12वीं में द्वितीय स्थान पर रहा जिला

 

कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली की विशेष रणनीति और टीम अनूपपुर के प्रयासों से मिली अभूतपूर्व सफलता

 

प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में जिले के मेधावी विद्यार्थी खुशी साहू और धीरज पांडे ने बनाई जगह

 

जिले में कक्षा 10वीं में 93.85 प्रतिशत और 12वीं में 93.04 प्रतिशत रहा जिले का कुल परीक्षा परिणाम

 

अनूपपुर 15 अप्रैल 2026/ मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में अनूपपुर जिले ने अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। जिले ने हाईस्कूल (10वीं) में प्रदेश में प्रथम और हायर सेकेंडरी (12वीं) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि जिले के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।

 

रणनीति, संकल्प और टीमवर्क से मिली सफलता

 

इस ऐतिहासिक सफलता के सूत्रधार कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली का दूरदर्शी नेतृत्व और सशक्त रणनीति रही। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग और जिला शिक्षा केंद्र ने ‘टीम अनूपपुर’ के रूप में समन्वित प्रयास किए।

 

परीक्षा से पहले चलाए गए ‘विशेष शैक्षणिक अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत शैक्षणिक कैलेंडर का पालन, नियमित मॉडल टेस्ट, प्री-बोर्ड परीक्षाएं और सतत मूल्यांकन ने विद्यार्थियों को मजबूत आधार प्रदान किया। विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए चलाई गई रेमेडियल कक्षाओं ने उन्हें मुख्यधारा में लाकर सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

 

प्रावीण्य सूची के चमकते सितारे

 

राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले के दो मेधावी विद्यार्थियों ने न केवल अपनी कड़ी मेहनत और लगन का शानदार परिचय दिया है, बल्कि पूरे जिले का गौरव भी बढ़ाया है। कक्षा 10वीं में शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खूंटाटोला की प्रतिभाशाली छात्रा खुशी साहू ने 493 अंक अर्जित करते हुए प्रदेश में 7वाँ स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 12वीं (गणित समूह) में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर के छात्र धीरज पांडे ने 486 अंक प्राप्त कर राज्य की मेरिट सूची में 7वाँ स्थान प्राप्त किया। इन छात्रों की सफलता ने न केवल जिले का नाम रोशन किया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन गए।

 

सामूहिक प्रयासों का मीठा फल

 

कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता ‘टीम अनूपपुर’ के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम का परिणाम है।

 

भविष्य के लिए नई प्रेरणा

 

अनूपपुर की यह सफलता केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। यह दर्शाता है कि सही दिशा, मजबूत नेतृत्व और सामूहिक प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अब यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में जिले के विद्यार्थियों के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का स्त्रोत बनेगी, जिससे अनूपपुर शिक्षा के क्षेत्र में और ऊंचाइयों को छूने के लिए अग्रसर रहेगा।

 

कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रावीण्य सूची में बनाया स्थान

 

जिले के अंतर्गत कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। इनमें कविता दुबे (महर्षि एंग्लो जर्मन स्कूल, परसवार, अनूपपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गायत्री देवी (शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल, खुंटाटोला, अनूपपुर) द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त पीयूष जोगी (विवेक शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, कोतमा), आयुषी वर्मा (शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, जैतहरी), सृष्टि पांडेय (शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, अमलाई कॉलरी, अनूपपुर) एवं रिचा सिंह राठौर (न्यू स्टेला हायर सेकेंडरी स्कूल, अनूपपुर) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिप्रा शर्मा (शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, कोतमा) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आकांक्षा उपाध्याय (शासकीय सांदीपनि कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बदरा) एवं सक्षम गुप्ता (ग्रीनलैंड पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, अनूपपुर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी विद्यार्थियों की उपलब्धि ने अनूपपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment