रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल, कोयलांचल समाचार
अनूपपुर। जिले के पुष्पराजगढ़ और जैतहरी क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार 03 अप्रैल 2026 को प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में दो अलग-अलग समूहों में हाथियों का विचरण हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तीन हाथियों का एक समूह जिला अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ तहसील अंतर्गत वन परिक्षेत्र राजेंद्रग्राम की तुलरा बीट के श्यामदुआरी से लगभग चार-पांच किलोमीटर दूर डिंडौरी जिले के वन क्षेत्र कला पडरिया बीट के रूसा और नयागांव के मध्य जंगल में पिछले तीन दिनों से विश्राम कर रहा है। इस क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों के ग्रामीण सतर्क बने हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर एक अकेला दो दांत वाला नर हाथी शुक्रवार सुबह छत्तीसगढ़ राज्य के मरवाही वनमंडल के शिवनी बीट कक्ष क्रमांक 2039 डडिंया के जंगल में एक वृद्ध पर हमला कर उसे मृत करने के बाद जंगल के रास्ते मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गया। यह हाथी गुजरनाला पार कर अनूपपुर जिले के जैतहरी तहसील अंतर्गत चोलना बीट क्षेत्र में पहुंचा और जंगल के रास्ते ग्राम पंचायत कुकुरगोंड़ा व पड़रिया के जंगलों से होते हुए आगे बढ़ा।
सुबह के समय यह हाथी चोई गांव के भलुवानघर टोला के पास छग्गू सिंह के खेत के समीप देखा गया, जहां उसने गुंजा और महुआ के पेड़ों की डालियां तोड़कर भोजन किया। इसके बाद हाथी वन बीट धनगवां के जंगल कक्ष क्रमांक आर-337 आमापानी नामक स्थान पर पहुंचकर विश्राम करता हुआ देखा गया।
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। वन अमले द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि हाथियों के आसपास जाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें।















