ट्रकों में खलासी बनकर काट रहा था फरारी, कोरबी के साप्ताहिक बाजार से स्थाई वारंटी गिरफ्तार
रायपुर-इंदौर रूट पर ट्रकों में काम कर पुलिस से बच रहा था आरोपी, मुखबिर की सूचना पर कोरिया पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
बैकुंठपुर। न्यायालय से जारी स्थाई वारंटों की तामीली के लिये चलाये जा रहे अभियान के तहत कोरिया पुलिस को एक फरार वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे राजेंद्र कुमार गोंड उर्फ रघुनाथ (30 वर्ष) को कोरबी के साप्ताहिक बाजार से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिये लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और रायपुर से इंदौर के बीच चलने वाले ट्रकों में खलासी का काम कर फरारी काट रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेंद्र कुमार गोंड निवासी ग्राम तनेरा चौकी कोरबी थाना पसान जिला कोरबा लंबे समय से अपने स्थाई पते से फरार था। उसके विरुद्ध बैकुंठपुर थाने में स्थाई वारंट लंबित था। वारंट की तामीली के लिये पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कोरबी के साप्ताहिक बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया
कोरिया पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन और एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के साथ साथ संभाग और राज्य के बाहर छिपकर रह रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है
इस कार्यवाही में चौकी पोड़ी बचरा के प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक सूरज यादव, महिला आरक्षक विजय कुमारी और साइबर सेल के आरक्षक अमरेशानन्द और सजल जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोरिया पुलिस की इस कार्यवाही से लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिये चलाये जा रहे अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।






































































