सीधी। सोशल मीडिया पर प्रसारित भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, जिला सीधी की जिला पदाधिकारी एवं कार्यसमिति की सूची में क्रमांक 23 पर अपना नाम दर्ज किए जाने पर यज्ञराज साहू, निवासी कुबरी, ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने न तो उक्त पद के लिए सहमति दी और न ही इस पद को स्वीकार किया है। इसके बावजूद उनका नाम पदाधिकारी के रूप में सार्वजनिक किया गया।
यज्ञराज साहू ने स्पष्ट कहा, *“मैं कांग्रेस का सिपाही हूँ और हमेशा कांग्रेस में ही रहूँगा। मेरी राजनीतिक निष्ठा कांग्रेस के प्रति है। मेरी सहमति के बिना किसी अन्य राजनीतिक दल की पदाधिकारी सूची में मेरा नाम शामिल किए जाने से मेरी राजनीतिक पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे मुझे मानसिक परेशानी हुई है और मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा एवं व्यावसायिक गुडविल प्रभावित होने की चिंता है।”*


उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष, जिला सीधी से मांग की है कि मामले की जाँच कर नाम शामिल किए जाने का आधार स्पष्ट किया जाए, संबंधित सूची से उनका नाम एवं पद हटाया जाए, सोशल मीडिया पर आवश्यक संशोधन और सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी किया जाए तथा भविष्य में उनकी स्पष्ट सहमति के बिना उन्हें किसी भी संगठनात्मक पद पर प्रस्तुत न किया जाए।
यज्ञराज साहू ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के प्रति दुर्भावना रखना नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक पहचान, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक प्रतिष्ठा की रक्षा करना है। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर उपलब्ध वैधानिक उपाय अपनाने का अधिकार सुरक्षित रखा है।






































































