विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर रंगोली और पोस्टर के माध्यम से दिया गया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

---Advertisement---

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर रंगोली और पोस्टर के माध्यम से दिया गया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

एमसीबी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली और पोस्टर आधारित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “हर अनुभव महत्वपूर्ण, हर आवाज़ ज़रूरी, वास्तविक बदलाव” (Lived Experiences Heard: Real Voices, Real Change) के अनुरूप रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन, जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय और जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल के सहयोग से किया गया।
विकासखंड भरतपुर के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरासी में रंगोली गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य कर्मचारियों, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक अभिव्यक्ति का संदेश दिया। इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़गांवकला में पोस्टर प्रदर्शन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, उचित परामर्श और उपचार तथा मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक भेदभाव को दूर करने के विषय में जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय उनके विषय में खुलकर चर्चा करना और समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करना आवश्यक है। परिवार एवं समाज का सहयोग मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ प्रभावित व्यक्तियों के अनुभवों को सुनना, उनकी भावनाओं का सम्मान करना और भेदभाव रहित वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और सहायता के लिये राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर निःशुल्क संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रमों में संबंधित विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों (BPM), स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment