91 लाख की साइबर ठगी में कानपुर से एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 14 लाख से अधिक की रकम फरियादी को वापस
क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर मोटे मुनाफे का दिया था लालच, जैतहरी पुलिस की कार्रवाई; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जैतहरी, अनूपपुर। क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर 91 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में जैतहरी पुलिस ने एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भोला सिंह (46), निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर के रूप में हुई है। उसे 9 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, जैतहरी निवासी राकेश कुमार अग्रवाल ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई थी। न्यायालय के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में वापस कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्रवाई जारी है।
पहले दो आरोपी जेल में निरुद्ध
इस मामले में पुलिस पूर्व में यश तोमर और शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। विवेचना के दौरान फरार आरोपी भोला सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी सहित टीम की भूमिका सराहनीय
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में अमरलाल यादव, श्याम शुक्ला, मनोज सिंह, राजकुमार मार्को, विजयनंद पाण्डेय, लेखनवती, रामेश्वर शर्मा और नरेन्द्र जाट की भूमिका रही।





































































