महुआ बीनने गए वृद्ध पर हाथी का हमला, मौके पर मौत

---Advertisement---

महुआ बीनने गए वृद्ध पर हाथी का हमला, मौके पर मौत
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर/03 अप्रैल। छत्तीसगढ़ राज्य के मरवाही वन मंडल अंतर्गत डडिंया गांव के जंगल में शुक्रवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई, जहां महुआ बीनने गए एक वृद्ध पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हमले में 55 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोचन सिंह पिता अंगद सिंह, निवासी ग्राम पंचायत पोंडी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 4 बजे त्रिलोचन सिंह डडिंया गांव से लगे जंगल में महुआ फल संग्रहित करने पहुंचे थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद दो दांत वाला अकेला नर हाथी अचानक उनके सामने आ गया और हमला कर दिया। हाथी के हमले से वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया गया है कि यह हाथी 1 अप्रैल को कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र से निकलकर 2 अप्रैल को मरवाही वन मंडल के गुल्लीडांड बीट क्षेत्र के मालाकोट जंगल में देखा गया था। इसके बाद वह कुम्हारी रोड पार करते हुए सोन नदी बांध के पास से घुसरिया और पथर्री होते हुए डडिंया क्षेत्र के जंगल में पहुंचा, जहां यह घटना घटित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षक शिवनी बीट के शाहिद खान, ग्राम पंचायत पोंडी के सरपंच हेमचंद मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं ग्रामीणों द्वारा मरवाही थाना को भी सूचना दी गई है।

वन विभाग के अनुसार यह हाथी फिलहाल शिवनी बीट के डडिंया गांव से लगे जंगल के कक्ष क्रमांक 2093 के आसपास ठहरा हुआ है। यह क्षेत्र मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना एवं वन परिक्षेत्र की सीमा से लगभग 4 से 5 किलोमीटर दूरी पर स्थित है, जिससे सीमावर्ती गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए दिन और रात के समय जंगल में महुआ बीनने, लकड़ी काटने या अन्य कार्यों के लिए नहीं जाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment