राजनगर।
नगर परिषद राजनगर द्वारा भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और समान व्यवहार की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दो दिन पूर्व जिला कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष के नेतृत्व में राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जानी थी, लेकिन नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह द्वारा यह कहकर भवन देने से इनकार कर दिया गया कि परिषद में कार्य चल रहा है और राजीव भवन खाली नहीं है।
कांग्रेसियों का आरोप है कि जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो राजीव भवन का पूरा हॉल खाली मिला। इसके बावजूद कांग्रेस को भवन उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं दो दिन बाद उसी राजीव भवन में भारतीय जनता पार्टी मंडल राजनगर की बैठक आयोजित की गई, जिससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह घटना परिषद अध्यक्ष के मन में कांग्रेस संगठन के प्रति द्वेष भावना को दर्शाती है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भवन सभी दलों और नागरिकों के लिए समान रूप से उपलब्ध होना चाहिए।
इसी मुद्दे को लेकर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद का घेराव करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार का भेदभावपूर्ण व्यवहार जारी रहा तो पार्टी आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।









