सीएमपीडीआई ने 7 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई

---Advertisement---

सीएमपीडीआई ने 7 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई

पौधा, शॉल, मान-पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर किया सम्मानित, प्रबंधन ने सेवाओं को बताया संस्थान की अमूल्य धरोहर

रांची। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई) मुख्यालय में मंगलवार को संस्थान के सात सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्थान के मयूरी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पौधा, शॉल, मान-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके लंबे एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान की प्रगति और उपलब्धियों में प्रत्येक कर्मचारी की मेहनत, निष्ठा और अनुभव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ तथा निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी एवं बीडी) आनंद मोहन ने भी अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों की कार्यनिष्ठा, समर्पण और अनुभव संस्थान के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में महाप्रबंधक (जियोमेटिक्स) मोहित रस्तोगी, महाप्रबंधक (टीई) बरूण कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक (पर्यावरण) वी.के. पाण्डेय, मुख्य प्रबंधक संजय कुमार, मुख्य सुरक्षा प्रहरी राजेश कुमार वर्मा, जेरॉक्स ऑपरेटर मंगल बाउरी तथा सफाई कर्मचारी दीपक कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम में यूनियन प्रतिनिधि प्रलय भट्टाचार्जी, प्रवीण कुमार, राजन कुमार रजक, सौविक भूषण देव तथा सीएमओएआई के प्रतिनिधि रामस्वरूप खिलेरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद किया। स्वागत भाषण, मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक (राजभाषा) अभय मिश्र ने किया। समारोह भावुक वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को नए जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment