SECL के नाम पर ‘महाठगी’ का भंडाफोड़: रिटायर्ड कोलकर्मी को कूरियर से भेजा फर्जी लेटर, घर आकर ठग बटोर ले गए ₹3.25 लाख नगद!
भालूमाड़ा/अनूपपुर।
कोयलांचल क्षेत्र में सेवानिवृत्त कोल कर्मचारियों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले एक बेहद शातिर और संगठित ‘इंटरस्टेट’ ठग गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। गिरोह ने साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय और सीएमडी (CMD) कार्यालय के नाम का ऐसा मायाजाल बुना कि एक सीधे-साधे रिटायर्ड कर्मचारी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कूरियर से आए एक फर्जी पत्र और नकली सील के दम पर ठगों ने पीड़ित के जीवनभर की जमा-पूंजी से करीब 3 लाख 25 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद अब भालूमाड़ा पुलिस इस हाईप्रोफाइल जालसाजी की परतों को खोलने में जुट गई है।
‘त्रुटिवश बकाया’ का झांसा और 3 गुना रिटर्न का मास्टर प्लान
ठगी का शिकार हुए पीड़ित मंगलदीन केवट (पिता स्व. बड़कू केवट), निवासी ग्राम चोखी बेल्हा, वर्ष 2022 में SECL से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2025 में उनके घर कूरियर से एक पत्र पहुंचता है, जिस पर SECL और CMD कार्यालय की हूबहू दिखने वाली सील लगी थी। पत्र में दावा किया गया था कि मंगलदीन की ₹3,80,659 की राशि “त्रुटिवश शेष” रह गई है, जिसे अगर मार्च 2025 तक क्लेम नहीं किया गया तो वह हमेशा के लिए लैप्स (खत्म) हो जाएगी। पत्र के नीचे हाथ से एक मोबाइल नंबर (9285419283) लिखकर तुरंत संपर्क करने को कहा गया था।
पीड़ित ने जैसे ही उस नंबर पर फोन किया, गिरोह की मुख्य मोहरा माया सिंह (जो खुद को सीएमडी कार्यालय की बड़ी अफसर बता रही थी) ने अपना जाल बिछाया। उसने कहा कि इस बकाया राशि को रिलीज कराने के लिए पहले उतनी ही रकम जमा करनी होगी, जिसके बदले उन्हें तीन गुना पैसा वापस मिलेगा।
गहने गिरवी रखकर ट्रांसफर किए ₹70 हजार, फिर घर पहुंचा ‘फर्जी अफसर’ और समेट ले गया ₹3 लाख नगद!
तीन गुना पैसे के लालच और जालसाजों के रसूखदार अंदाज में आकर पीड़ित ने अपने सोने-चांदी के गहने तक गिरवी रख दिए। जैसे-तैसे व्यवस्था कर पीड़ित ने सबसे पहले ₹70,000 आरोपियों के बताए बैंक खाते (32644065224) में ट्रांसफर कर दिए।
लेकिन ठगों की भूख यहीं शांत नहीं हुई। इसके बाद इस खेल का दूसरा बड़ा किरदार राजीव राय सीधे पीड़ित मंगलदीन के घर धमक गया। उसने पीड़ित के भोलेपन और बैंकिंग की कम जानकारी का फायदा उठाया और कहा कि यह फाइल कोलकाता मुख्यालय जानी है, इसलिए तुरंत कैश चाहिए। आरोपी राजीव राय और माया सिंह अन्य ( ददई बहरा (Dadai Bahra तहसील अनूपपुर, जिला अनूपपुर, मध्य प्रदेश निवासरत कर रहे हैं) पीड़ित के घर से ₹3,00,000 (तीन लाख रुपये) नगद समेटकर रफूचक्कर हो गया।
युवक ने खोला राज, पुलिस शिकायत के डर से लौटाए महज 45 हजार
इस महाठगी का भंडाफोड़ तब हुआ जब ग्राम मलगा निवासी सोनू रजक नामक युवक ने उस पत्र को देखा और पीड़ित को सचेत किया कि यह लेटर पूरी तरह फर्जी है और SECL ऐसा कोई काम नहीं करता। ठगे जाने की बात सामने आते ही जब पीड़ित ने आरोपियों को घेरना शुरू किया और पुलिस की धमकी दी, तो आरोपी राजीव राय के हाथ-पांव फूल गए। बदनामी और जेल जाने के डर से उसने पुलिस में न जाने की मिन्नतें कीं और आंशिक रूप से केवल ₹45,000 वापस लौटाए। बाकी के ₹3,25,000 डकारने के बाद अब आरोपियों ने अपने तेवर बदल लिए हैं और फोन बंद कर लिए हैं।
भालूमाड़ा थाने में नामजद शिकायत, इन नंबरों और खातों पर टिकी पुलिस की जांच
थक-हारकर पीड़ित मंगलदीन केवट ने भालूमाड़ा थाना प्रभारी के सामने हाजिर होकर अपनी आपबीती सुनाई और नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) और कूट रचित दस्तावेज तैयार करने (Forgery) की धाराओं के तहत सख्त एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
इन शातिर चेहरों पर टिकी है जांच की सुई:
माया सिंह (खुद को CMD अधिकारी बताने वाली) – मो. 9285419283
रुचि (खुद को PA बताने वाली) – मो. 9770802584
राजीव राय (घर आकर नगद वसूलने वाला मास्टरमाइंड) – मो. 9329640052
सावधान! News की अपील:
कोई भी सरकारी कंपनी या पीएसयू (PSU) कभी भी आपका बकाया पैसा देने के नाम पर एडवांस कैश या किसी निजी बैंक खाते में पैसे की मांग नहीं करता। कूरियर से आने वाले ऐसे किसी भी पत्र या ‘तीन गुना पैसा’ करने वाले दावों पर भरोसा न करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!
SECL के नाम पर ‘महाठगी’ का भंडाफोड़: रिटायर्ड कोलकर्मी को कूरियर से भेजा फर्जी लेटर, घर आकर ठग बटोर ले गए ₹3.25 लाख नगद!
By: संतोष चौरसिया संपादक (कोयलांचल न्यूज )
On: Saturday, July 11, 2026 10:59 PM



































