भारत माता की आरती के साथ मना राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस, एबीवीपी के 78वें स्थापना दिवस पर गूंजे राष्ट्रभक्ति के स्वर
कोतमा/अनूपपुर। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अनूपपुर नगर इकाई कोतमा द्वारा भारत माता की आरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, परिषद के कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से भारत माता की आरती का गायन कर राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण, छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और युवाओं में राष्ट्रीय मूल्यों के विकास के लिए कार्य करती रही है। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस युवाओं को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
भारत माता की आरती के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व और छात्र शक्ति की भूमिका पर भी विचार व्यक्त किए गए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष संतोष कुमार चतुर्वेदी, नगर सह मंत्री भव्य रजनी, भाग संयोजक गौरव सोनी, नगर महाविद्यालय प्रमुख राज ताम्रकार, रितेश चौरसिया सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष और राष्ट्रगान के साथ हुआ।



































