समाजसेवियों की पहल बनी मिसाल, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र डूमर कछार-158 के नौनिहालों को मिला फूड पैकेट व शिक्षा सामग्री
राजनगर, सुमिता शर्मा। नगर परिषद डूमर कछार अंतर्गत सेक्टर डोला के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 158 में समाजसेवियों के सहयोग से बच्चों के लिए सेवा एवं जनभागीदारी का प्रेरणादायी कार्य किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बेबी राव के प्रयासों से समाजसेवी सुबोध राय, उनकी पुत्री ममता राय एवं गायत्री राय ने बच्चों को फूड पैकेट, स्टेशनरी सामग्री तथा अन्य आवश्यक उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया।
इसके अलावा गायत्री मैडम द्वारा गर्मी से बचाव के लिए बच्चों को कूलर प्रदान किया गया रंगीन शैक्षणिक सामग्री, बर्तन, इंडक्शन चूल्हा तथा हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन उपलब्ध कराया गया। बेबी राव ने बताया कि समाजसेवी समय-समय पर केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच फल, मिठाई एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी करते रहते हैं।
बेबी राव ने बताया कि उन्हें सेक्टर पर्यवेक्षक सीमा सिंह का निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने इस जनसेवा कार्य का श्रेय महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी मंजूषा शर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन को दिया।
उपस्थित लोगों ने समाजसेवियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोगात्मक प्रयास बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास के साथ-साथ समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को भी सशक्त बनाते हैं।



































