आठवें दिन भी भोलगढ़ के जंगल में डटे तीन हाथी, रात में गांवों की ओर बढ़ने की आशंका

---Advertisement---

आठवें दिन भी भोलगढ़ के जंगल में डटे तीन हाथी, रात में गांवों की ओर बढ़ने की आशंका

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर: शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर। जिले में तीन जंगली हाथियों का विचरण लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। शनिवार 11 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे तक तीन हाथियों का दल जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बरबसपुर के अंतर्गत भोलगढ़ वन बीट के जंगल में मौजूद रहा। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए रात के समय हाथियों के गांवों की ओर आने की संभावना जताई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर तीनों हाथी जंगल में स्थित वन तालाब के आसपास देखे गए। इस दौरान एक बड़ा नर हाथी तालाब में पानी पीने पहुंचा और कुछ देर बाद पुनः जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद तीनों हाथियों का समूह शहडोल-कोतमा-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग के समीप भोलगढ़ बस स्टैंड और वाटर सेट तालाब के बीच जंगल की सीमा पर विचरण करता रहा।

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग का गश्ती दल, कोतवाली पुलिस तथा यातायात पुलिस अनूपपुर संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं। जब हाथी मुख्य सड़क के किनारे पहुंचे तो एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। बाद में हाथियों के दोबारा जंगल की ओर लौट जाने पर यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

वन विभाग के अनुसार शनिवार रात में तीनों हाथियों के भोलगढ़ एवं बरबसपुर के विभिन्न टोला-मोहल्लों में विचरण करने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय जंगल की ओर जाने से बचें, अकेले बाहर न निकलें तथा हाथियों के दिखाई देने पर किसी भी प्रकार से उनके निकट जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल सूचना देने के साथ सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल वन विभाग और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार आठ दिनों से हाथियों की मौजूदगी के कारण भोलगढ़, बरबसपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment