साप्ताहिक समीक्षा बैठक और जनसुनवाई हुई संपन्न
विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुआ मंथन
राजनगर
नगर परिषद डूमरकछार के सभागार कक्ष में स्थानीय विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई का आयोजन 12 सितंबर को किया गया,इस बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद के अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया के द्वारा की गयी।
बैठक निकाय में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद गौतम के मार्गदर्शन में कमलेश त्रिपाठी और शिवलखन धनवार के देखरेख में परिषद के सभापति,विभिन्न वार्डों के पार्षदगण,पार्षद प्रतिनिधि,सहायक राजस्व उपनिरीक्षक,लेखापाल, परिषद के अन्य अधिकारी और समस्त विभागों के प्रभारी व कर्मचारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई में वार्डों की जनसमस्याओं पर विचार विमर्श किया गया,
बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड क्षेत्र की समस्याओं जैसे पेयजल आपूर्ति,जर्जर सड़कों की मरम्मत,स्वच्छता, आगामी गणेश पूजा एवं आने वाले अन्य त्योहारों में सार्वजनिक पूजा पंडालों की साफ-सफाई,जाम नालियों की सफाई व्यवस्था को प्रमुखता से रखा गया,संबंधित कार्यों को जनहित में शीघ्र कराए जाने के निर्देश विभाग प्रभारियों को दिए गए।
नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं से निकाय को कराया अवगत-
वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद और नागरिकों के द्वारा पेयजल संबंधित पाइप लाइन कनेक्शन की बात रखी गयी,वहीं श्यामबाई द्वारा अपने दिवंगत पुत्र स्व.शोभनाथ का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किये जाने संबंधित बात कही, निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के पूजा कमेटी के कमेटी सदस्यों ने भी मुलाकात कर पूजा स्थलों के साफ सफाई, समतलीकरण एवं आवश्यक कार्य कराये जाने के संबंध में चर्चा की,एकीकृत शासकीय हाईस्कूल पौराधार के शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर में खुले सेफ्टिक टैंक को जल्द से जल्द ढकने की बात रखी।
स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं निरंतर जारी रहे-
निकाय अध्यक्ष के द्वारा नगर की साफ-सफाई व्यवस्था, कचरा- मलवा एवं सीएनडी उठाव के कार्य को और सुदृढ़ करने तथा वार्डों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को समय पर पूरा समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
त्यौहारों को लेकर तैयारी-
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत सभी विभागों की विशेष समीक्षा की गयी जिस पर अध्यक्ष श्री चौरसिया के द्वारा त्यौहारों से पहले समय पर संबंधित सभी व्यवस्थाएं व कार्य निपटाने के निर्देश दिए गए।
विभागीय कार्यों की प्रगति पर हुई चर्चा-
परिषद के सभी विभागीय प्रभारियों ने अपने-अपने विभागों के द्वारा संचालित लोक-कल्याणकारी योजनाओं,निर्माण कार्यों एवं अन्य कार्यों की प्रगति रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की,एवं आगामी दिनों में विभाग के द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में कार्य योजना की जानकारी प्रस्तुत की गयी।
लापरवाही बरतने पर होगी कार्यवाही-
डॉ. सुनील कुमार चौरसिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित कार्यों का निपटारा समय सीमा के भीतर किया जाए अन्यथा की स्थिति में आपके विरुद्ध की गयी कार्यवाही की जिम्मेदारी आपकी स्वयं की होगी।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति-
उक्त बैठक में सभापति रवि सिंह,जीतेंद्र चौहान, रंजीत कुमार वर्मा, पार्षदगण विजेन्द्र देवांगन,सरिता यादव, पार्षद पति योगेश पालीवाल,लेखापाल शिवनरेश धनवार उपस्थित रहे,इनके साथ ही परिषद के कर्मचारी प्रतिज्ञा मिश्रा,अखिलेश सिंह परिहार, सत्येन्द्र चौहान,तीरथ पनिका,मुन्नापाल, विवेक मिश्रा,त्रिलोकीनाथ राय, अनुरूद्ध दाहिया,विशाल महतो,पंकज चतुर्वेदी, पवन गौतम, विक्रम सिंह, दीपक सिंह, उत्तम कोल, विजय यादव,प्रशांत केशरवानी,राजू यादव समेत अन्य कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में नगर के चहुंमुखी विकास के लिए जनहित में सभी पार्षदों और कार्मिक अमले को आपसी समन्वय बनाकर निकाय हित मे काम करने की बात निकाय अध्यक्ष के द्वारा कही गयी।


































































