- रेणुका सिंह के बयान पर गुलाब कमरो का तीखा पलटवार, चुनावी वादों का हिसाब मांगते हुए विकास कार्यों पर उठाये सवाल
एमसीबी।भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में रेल सुविधा का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक रेणुका सिंह के रेल सुविधा को लेकर दिये गये बयान पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार और विधायक की कार्यशैली पर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को रेल सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया था लेकिन करीब तीन साल गुजरने के बाद भी यह वादा धरातल पर उतरता नजर नहीं आ रहा है।
गुलाब कमरो ने कहा कि चुनाव के समय बड़े बड़े वादे किये जाते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हीं वादों को पूरा करने के बजाय समय लगने की दलील दी जाने लगती है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भरतपुर-सोनहत की जनता कब तक इंतजार करती रहेगी? यदि रेल सुविधा को लेकर कोई ठोस पहल हुई है तो उसकी प्रगति और समयसीमा सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है?
पूर्व विधायक ने कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक राज्य के बजट से क्षेत्र के लिये ठोस उपलब्धियां गिनाने के बजाय केंद्र सरकार के बजट से होने वाले कार्यों का श्रेय लेने में अधिक रुचि दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं और रेलवे से जुड़े मामलों के लिये क्षेत्र के सांसद अपनी भूमिका निभाने में सक्षम हैं। विधायक को पहले राज्य सरकार के माध्यम से क्षेत्र के लिये कराये गये विकास कार्यों का ब्यौरा जनता के सामने रखना चाहिये।
कमरो ने विशेष रूप से जनकपुर सहित पूरे भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि अब तक राज्य के बजट से कौन कौन से महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत कराये गये हैं? किन योजनाओं को मंजूरी मिली और उनका लाभ आम जनता तक कितना पहुंचा? उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जवाबदेही केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिये बल्कि जनता को विकास कार्यों का स्पष्ट हिसाब भी मिलना चाहिये। उन्होंने कहा कि जनता ने क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद के साथ अपना प्रतिनिधि चुना है। ऐसे में चुनावी वादों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। रेल सुविधा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस कार्ययोजना और निर्धारित समय सीमा सामने आनी चाहिये।
गुलाब कमरो ने विधायक रेणुका सिंह से सवाल किया कि भरतपुर-सोनहत में रेल सुविधा का चुनावी वादा आखिर कब पूरा होगा? जनकपुर और आसपास के क्षेत्रों को राज्य के बजट से कौन कौन सी बड़ी सौगात मिली है? उन्होंने कहा कि जनता अब आश्वासनों से आगे बढ़कर विकास का परिणाम देखना चाहती है और जनप्रतिनिधियों को अपने वादों और कार्यों का जवाब देना चाहिये।






































































