- 11 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
अनूपपुर 4 नवंबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत अनूपपुर जिले में भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनरीक्षण की कार्यवाही की जाएगी। पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 2 नवंबर 2026 तक निर्धारित थी। अब 12 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रत्नाकर झा ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पात्र नागरिकों, विशेषकर 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से निर्धारित अवधि में आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है।







































































