अनूपपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन अनूपपुर में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं एवं श्वास संबंधी क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मन को शांत रखने तथा कार्य क्षमता एवं एकाग्रता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती हैं, ऐसे में योग उन्हें मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास एवं शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करता है। योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर वे बेहतर स्वास्थ्य के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित योग करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और सेवा कार्यों के प्रति अधिक सक्षम बनाना रहा।



































