- हेलिपेड मैदान में दोपहर 01 बजे से होगा रोमांचक मुकाबला , समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को किया जाएगा पुरस्कृत
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अमरकंटक ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला 5 नवंबर 2026 गुरुवार को खेला जाएगा । प्रतियोगिता के अंतिम और रोमांचक मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों सहित नगर के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है ।
आयोजक समिति विरु तंबोली से प्राप्त जानकारी के अनुसार टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अमरकंटक स्थित हेलिपेड मैदान में दोपहर 01 बजे से आयोजित होगा । वहीं खेल समाप्ति बाद प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा । समापन समारोह में पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री फुन्देलाल सिंह मार्को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे । इस अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा ।
अमरकंटक ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट समिति द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करना है । प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में अनुशासन , आपसी भाईचारे , टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है ।
फुटबॉल केवल एक खेल नहीं बल्कि शारीरिक क्षमता , आत्मविश्वास , नेतृत्व कौशल और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक भी है । टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों का दमखम देखने के लिए खेल प्रेमियों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है । अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं जहां विजेता टीम चैंपियन बनने का गौरव हासिल करेगी ।
आयोजक समिति ने समस्त जनप्रतिनिधियों , गणमान्य नागरिकों , नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे 5 नवंबर को हेलिपेड मैदान पहुंचकर फाइनल मुकाबले का आनंद लें तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर आयोजन को सफल एवं यादगार बनाएं ।
आयोजन समिति की ओर से समस्त खेल प्रेमियों एवं नगरवासियों को खेल मैदान में पहुंचने हेतु आग्रह किया गया है ।






































































