नशे के कारोबार पर अनूपपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
तीन अलग-अलग मामलों में 2.428 किलोग्राम गांजा जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
अनूपपुर। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.428 किलोग्राम गांजा जब्त कर तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को की गई कार्रवाई में पुरानी बस्ती अनूपपुर के प्रजापति मोहल्ला निवासी पूरन कोरी (35), पिता रामभजन कोरी के कब्जे से 308 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 566/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 2 पटौराटोला अनूपपुर निवासी बाबू खान (38), पिता अब्दुल खालिद के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 567/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
तीसरी कार्रवाई में ग्राम मानपुर, थाना कोतवाली अनूपपुर निवासी राजेश चौधरी (22), पिता पप्पू चौधरी के कब्जे से 920 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 568/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में त्रिलोक सिंह वालरे, जे.पी. लकड़ा, महिपाल नामदेव, जयासिंह, शेख रसीद, रीतेश सिंह, शिव शंकर प्रजापति, महेन्द्र राठौर, नितिन नामदेव, अमित मरावी, अब्दुल कलीम, सुजल पटेल, राहुल तिवारी और कुन्ती शर्मा शामिल रहे।
पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






































































