जेएमएस के अंतर्गत स्वीकृत नवीन कोल ब्लॉक एवं माइनिंग परियोजना जल्द प्रारंभ करें – कलेक्टर

---Advertisement---
  • परियोजना से प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान – कलेक्टर
  • स्थानीय युवाओं का कौशल उन्नयन कर रोजगार में दें प्राथमिकता – कलेक्टर
  • कलेक्टर ने जेएमएस की उरतान नॉर्थ भूमिगत कोल माइंस परियोजना के अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश

अनूपपुर 29 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जेएमएस माइंस प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत स्वीकृत नवीन कोल ब्लॉक एवं माइनिंग परियोजना को जल्द से जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के संचालन में आ रही तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना का कार्य प्रारंभ हो सके। कलेक्टर ने परियोजना से प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में जेएमएस की उरतान नॉर्थ भूमिगत कोल माइंस परियोजना एवं अन्य प्रस्तावित कोयला एवं बॉक्साइट खदान परियोजना से संबंधित अधिकारियों की बैठक में निर्देश दे रहे थे।

कलेक्टर श्री झा ने कहा कि परियोजना से प्रभावित गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा मौजूदा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने परियोजना प्रबंधन को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित ग्रामों में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्थानीय युवाओं के कौशल उन्नयन पर जोर देते हुए कहा कि 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने परियोजना प्रबंधन को स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा उन्हें उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री झा ने माइनिंग साइट पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देने तथा स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खनन क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ई चेक गेट प्रणाली की भी समीक्षा की गई। इस प्रणाली के माध्यम से ट्रकों की आवाजाही, आवागमन का समय, परिवहन किए जा रहे माल का वजन तथा ट्रांजिट परमिट (टीपी) सहित अन्य जानकारियों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखा जाता है। कलेक्टर ने इस प्रणाली के प्रभावी उपयोग से परिवहन गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में परियोजना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उप संचालक खनि प्रशासन श्रीमती आशा लता वैद्य, सहायक खनिज अधिकारी श्रीमती ईशा वर्मा, जेएमएस माइंस प्राइवेट लिमिटेड की उरतान नॉर्थ भूमिगत कोल माइंस परियोजना के प्रतिनिधि श्री सौरभ मोहिता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment